सीतापुर। जनपदीय स्कूल चलो रैली की बुधवार को धूमधाम के साथ शुरुआत हुई। जिलाधिकारी शीतल वर्मा ने बीएसए कार्यालय के सामने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
इस दौरान उन्होंने बच्चों की हौसला आफजाई करते हुए ‘खूब पढ़ो, खूब बढ़ो’ कहकर आशीर्वाद दिया। जनपदीय रैली सुबह नौ बजे बीएसए कार्यालय के सामने से शुरू हुई।
रैली में नगर क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बच्चे व एनपीआरसी शामिल हुए। डीएम शीतल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। वह रैली की अगुवाई करते हुए बीएसए कार्यालय से लालबाग चौराहा, आंख अस्पताल रोड होते हुए मिशन गर्ल्स स्कूल तक गईं।
यहीं पर रैली समाप्त हो गई। यहां बच्चों के लिए बिस्कुट व पानी का इंतजाम किया गया था। इस पर डीएम ने बीएसए को निर्देश देते हुए कहा कि इतनी गर्मी में बच्चों को फ्रूटी पिलाई जाए। बीएसए ने तत्काल फ्रूटी मंगवाकर बच्चों को पिलवाई।
डीएम ने कुछ बच्चों से उनका हालचाल पूछा। कहा कि आप सबके लिए सरकार बहुत सुविधाएं दे रही है। इनका जमकर लाभ उठाएं। मन से पढ़ाई करें। अगर कोई समस्या आए तो मुझे बताएं।
बीएसए अजय कुमार ने कहा कि हर बच्चे को स्कूल तक पहुंचने का भरसक प्रयास किया जाएगा। कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित नहीं रहेगा। डीसी सत्येंद्र मिश्र ने कहा कि अब विकास खंडवार रैली निकाली जाएगी।
इस अवसर पर मंडलीय मंत्री अपूर्व दीक्षित, जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह, रामचंद्र मिश्र, जिला मंत्री रवींद्र दीक्षित व प्रदेश प्रवक्ता मनीष पांडेय समेत बीईओ मौजूद रहे।
जनपदीय रैली के लिए बीएसए ने सभी बीईओ को अपने एनपीआरसी के साथ मौजूद रहने का निर्देश दिया था। रैली की अगुवानी डीएम को करनी थी लेकिन बीईओ पर इसका असर नहीं पड़ा।
हाल ये रहा कि बीईओ संजय राय, ईश्वरकांत मिश्रा, विनय मिश्रा, बृजेश त्रिपाठी, प्रभास कुंवर श्रीवास्तव व शिवेश ही मौजूद रहे। निर्देश के बावजूद अन्य सभी गैरहाजिर रहे जबकि शहर से सटे खैराबाद, परसेंडी व मछरेहटा इलाके के भी बीईओ नदारद रहे।