बहराइच। जनपद में सहकारी समितियों में होने वाले चुनाव को लेकर गठजोड़ की राजनीति तेज हो गई है। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन पद पर नजर गड़ाए दावेदार अभी से समितियों के सदस्यों के इर्दगिर्द चक्कर काटने लगे हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री सहकारिता का जिला होने के कारण चुनाव की सरगर्मियां और तेज हो गई हैं। समितियों के पैंतीस हजार मतदाताओं पर सबकी निगाहें टिक गई हैं।
शासन ने सहकारी समितियों में होने वाले चुनाव को लेकर हरी झंडी दे दी है। सात नवंबर तक सभी चुनाव कराने का निर्देश दिया गया है। जनपद बहराइच कैबिनेट मंत्री सहकारिता मुकुट बिहारी वर्मा का गृह जनपद है। ऐसे में चुनाव को लेकर जिले की सभी 111 सहकारी समितियों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। इन समितियों में सभापति, उप सभापति और प्रबंध कमेटी के सदस्य पदों पर चुनाव होना है। कैबिनेट मंत्री का गृह जनपद होने के कारण चुनाव रोचक होने की संभावना है। सहकारी समितियों के सदस्यों के निर्वाचन के बाद होने वाले जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन पद के चुनाव पर सभी की निगाहें टिक गई हैं।
डायरेक्टर करेंगे चुनाव
ग्रामीण क्षेत्रों से चुने जाने वाले सदस्य जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन के पद के चुनाव में मतदान करेंगे। बैंक के 13 डायरेक्टर चुनाव में हिस्सा लेंगे। गौरतलब है कि वर्तमान समय में भाजपा का सहकारी बैेक पर कब्जा है। हालांकि यह चुनाव सपा सरकार में हुआ था। जिसमें जीतेंद्र प्रताप सिंह जीतू चुनाव जीते थे। बाद में विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे।
एक सप्ताह में जारी होगी अधिसूचना
सहकारी समितियों के चुनाव को लेकर एक सप्ताह के भीतर अधिसूचना जारी हो जाएगी। मतदाता सूची के प्रकाशन, आपत्ति, दावे, आपत्तियों के निस्तारण, अंतिम सूची प्रकाशन के बाद चुनाव करा दिया जाएगा। इस संबंध में शासन से पत्र मिल चुका है।-नवीन चंद्र शुक्ल, निबंधक सहकारी समितियां