घर में खाली पड़े आभूषणों के डिब्बे।
लखनऊ। ठाकुरगंज के भुअर इलाके में चोरों ने कारोबारी अंकुर अग्रवाल के मकान से 18 लाख की चोरी कर ली। पीड़ित ने थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अंकुर के मुताबिक 23 अप्रैल को दादी की मौत होने पर वह परिवार के साथ हुसैनगंज स्थित पैतृक घर गए थे। अगले दिन घर लौटने पर उन्हें घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। घर में दाखिल होने के लिए वह पड़ोसी की छत पर पहुंचे तो देखा कि उनकी छत पर लगा जाल कटा हुआ था। किसी तरह वह घर में दाखिल हुए तो सारी अलमारियों और बक्सों के ताले टूटे पड़े थे। चोर अलमारी के लॉकर में रखे करीब 16 लाख रुपये के जेवर और सवा दो लाख रुपये चुरा ले गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह के मुताबिक घर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।