लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी में मिलेनियम पैलेस स्थित रियल एस्टेट फर्म के मालिक कृष्ण कुमार पांडेय ने तीन लोगों पर 1.76 करोड़ रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। आरोपियों ने पीड़ित को मुंबई और दिल्ली में फ्लैट दिलाने का झांसा दिया था। मामले में जेसीपी एलओ के आदेश पर सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
कृष्ण के मुताबिक उनके दफ्तर के बगल स्थित बिल्डिंग फिलिक्स स्क्वायर के दूसरे पर तल पर कार्निवाल ग्रोवेल प्रा.लि. कंपनी है। कंपनी के डायरेक्टर मो. आलम और उसके भाई अख्तर अली हैं। 2022 में दोनों ने उनकी मुलाकात बिजनेस पार्टनर विज इंटरनेशनल के मालिक और मुंबई के पनवेल निवासी समीर वावर से कराई थी। तीनों ने उन्हें कम कीमत पर मुंबई के पनवेल और दिल्ली में दो फ्लैट दिलाने की बात कही थी। झांसे में आए कृष्ण कुमार ने आरोपियों के खातों में कई बार में 1.76 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद से तीनों आरोपियों ने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिए। संपर्क करने की कोशिश करने पर आरोपियों ने मिलने से मना कर दिया।
कारोबारी का आरोप है कि एक दिन आरोपियों ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल कर हत्या करने की धमकी दी। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।