बहराइच। तराई मेें मौसम परिवर्तन से तेज बुखार जानलेवा बना हुआ है। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान बुखार से पीड़ित तीन मासूमों ने दम तोड़ दिया। 16 रोगी और भर्ती हुए हैं। इनमें दो रोगियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तराई में बदल रहे मौसम के बीच संक्रामक रोग पनपने लगे हैं। बुखार का प्रकोप बढ़ गया है। कोतवाली देहात अंतर्गत मानपुरवा निवासी सैंकी (एक) पुत्र मुंशरिफ को दो दिन से तेज बुखार की शिकायत थी।
परिवारीजनों ने निजी चिकित्सकों से इलाज कराया। लाभ न होने पर जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान रविवार देर शाम को सैंकी ने दम तोड़ दिया।
उधर, सोनवा निवासी बबिता (4) पुत्री साधूराम व सिमरन (10) को भी बुखार की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान दोनों की सांसें थम गईं।
बुखार व उल्टी दस्त से पीड़ित 16 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें राजेश (3) और राहुल (एक) की हालत नाजुक बताई जा रही है।