सीतापुर। महमूदाबाद व बिसवां तहसील क्षेत्र में तेंदुआ ने लोगों की नींद उड़ा दी है। शनिवार की शाम जहां महमूदाबाद रेंज में एक सायफन में तेंदुआ की चहलकदमी देखी गई थी। वहीं, रविवार की दोपहर बिसवां रेंज में शारदा नहर के पास तेंदुआ देखा गया। हालांकि दोनों ही जगहों पर वनकर्मी मौजूद हैं, जो तेंदुआ पर नजर रखने की बात कह रहे हैं। तेंदुआ को पकड़ने को लेकर अभी तक कोई ठोस इंतजाम देखने को नहीं मिले हैं। तेंदुआ की मौजूदगी से क्षेत्र के बाशिंदों का दिन का चैन व रात की नींद उड़ गई है। तेंदुआ की दहशत के चलते लोग खेतों की तरफ जाने से बच रहे हैं।
बिसवां कोतवाली क्षेत्र के खिन्नीपुरवा की कुछ महिलाएं रविवार की दोपहर खेतों की तरफ जा रही थीं। इसी बीच गांव के बाहर उन्होंने एक खेत के किनारे तेंदुआ खड़ा देखा। उसे देखते ही महिलाएं शोर मचाती हुईं गांव में भाग आईं। महिलाओं की आवाज सुनते ही गांव के लोग एकत्र हो गए और वे लाठी-डंडे लेकर तेंदुआ को देखने निकल पड़े। ग्रामीणों के मुताबिक जब वे गांव के बाहर पहुंचे, तब तेंदुआ खेत की मेड़ पर खड़ा था। शोर सुनकर वह गांव के खुशीराम के गन्ने के खेत में चला गया। खबर फैलते ही इलाके के सैकड़ों ग्रामीण वहां जमा हो गए और तेंदुआ को खोजने लगे। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा, वहीं तेंदुआ नजर आने पर उसे छेड़े न जाने की बात कही। वन दरोगा अमित कटियार ने वनकर्मियों के साथ कांबिंग की। इस दौरान वन कर्मियों ने पगचिन्ह स्पष्ट न मिलने की बात कही। वहीं, ग्रामीण वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग जानबूझकर हीलाहवाली कर रहा है। जिसकी वजह से आए दिन तेंदुआ नजर आ रहा है। यह तेंदुआ क्षेत्र के बाशिंदों को दिख रहा है, लेकिन वन विभाग को उसके पगचिन्ह तक ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। बता दें कि शनिवार की शाम तेंदुआ महमूदाबाद रेंज में सदरपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर शारदा सहायक नहर के सायफन में देखा गया था। वहां भी वन विभाग की टीम ने कांबिंग की थी, लेकिन तेंदुआ नजर नहीं आया। शनिवार देर रात तेंदुआ रामभारी गांव के निकट देखा गया। उसे देखते ही बिसवां के ग्राम रामाभारी निवासी भैयू, मोहम्मद कैफ व मोहम्मद फहद आम के बाग की रखवाली करना छोड़ घर भाग आए थे। तीनों लोगों ने बताया कि उन्होंने खुद तेंदुआ देखा था। सूचना वन विभाग को दी थी, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकला। बिसवां रेंजर यूसी राय ने बताया कि तेंदुआ होने की सूचना मिली है। मौके पर वन विभाग की टीम भेजी गई है जो कांबिंग कर रही है।
गठित कर दी है टीम
डीएफओ डॉ. अनिरुद्ध पांडेय ने बताया कि तेंदुआ पर नजर रखने के लिए टीम गठित कर दी गई है। वाइल्ड लाइफ के एक्सपर्ट एसएन यादव को इस टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे महमूदबाद व बिसवां की संयुक्त टीम के साथ तेंदुआ पर नजर रख रहे हैं। अभी तक जांच में तेंदुआ के पगचिन्ह नहीं मिल सके हैं। इस वजह से उसकी लोकेशन तलाशे नहीं मिल रही है।
लहरपुर में भी वन कर्मियों को किया सतर्क
डीएफओ ने वन्य जीव को लेकर केवल महमूदाबाद व बिसवां क्षेत्र में ही नहीं, लहरपुर क्षेत्र के वनकर्मियों को भी सतर्क कर दिया है। सभी अपने-अपने क्षेत्र में नजर रख रहे हैं। तेंदुआ को पकड़ने के संसाधन मौजूद हैं। जैसे ही उसकी लोकेशन ट्रेस होगी, उसे पकड़कर जंगल में छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की, कि वे अफवाहों से बचें।