फैजाबाद। प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि गन्ना उत्पादक आर्गेनिक गुड़ का उत्पादन करके यहां के इस विशिष्ट उत्पाद को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएं। वह मंगलवार को एक जिला-एक उत्पाद के तहत जिले के विशिष्ट उत्पाद गुड़ की समीक्षा के दौरान बोल रहे थे।
उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुड़ उत्पादों, क्रेशर मालिकों, फैजाबाद जैगरी एसोशिएसन के सदस्यों व अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। कहा कि एक जिला एक उत्पाद योजना शासन की बहुत ही महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत विशिष्ट उत्पादों की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग, रोजगार सृजन, उत्पाद की गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी उन्नयन, कौशल विकास और कामन फैसिलिटी सेंटर, टेस्टिंग लैब, व्यापार केंद्रों जैसी अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाना है।
कहा कि छोटे उद्योगों से ज्यादा रोजगार पैदा होता है। यदि गन्ना किसान आर्गेनिक खेती करते है तो उन्हें अपने गन्ने का अधिक मूल्य मिलेगा और उनकी और गुड़ उत्पादकों की स्थिति सुदृढ़ होगी। आर्गेनिक खाद्य पदार्थो की मांग विदेशों में भी बहुत अधिक है। गुड़ उत्पादन में नवीनतम आधुनिक टेक्नोलाजी के प्रयोग से गुड़ की लागत को कम कर सकते है। अधिक मुनाफा पाने के लिए गुड़ उत्पादक साधारण गुड़ बनाने के स्थान पर आर्गेनिक गुड़ का उत्पादन करें। कहा कि राज्य व जनपद में शोरूम भी खोले जाएंगें। गुड़ की क्वालिटी में सुधार के लिए आधुनिक टेक्नोलॉजी पैकेजिंग और मार्केटिंग का उपयोग करें। उन्होंने जिले में कार्यशाला का आयोजन किए जाने के लिए कहा। जैगरी एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश चंद दुबे ने बताया कि गुड़ में अनेक पोषक तत्व और औषधीय गुण पाए जाते है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभदायक है। बैठक में सीडीओ अक्षय त्रिपाठी, उपायुक्त खादी एवं ग्रामोद्योग, एलडीएम, सहित अन्य लोग थे।