चार बदमाश गिरफ्तार, पकड़े गए बदमाशों में एक बाराबंकी तो दूसरा लखनऊ का निवासी
सीतापुर। अटरिया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में पुलिस की गोली से बाराबंकी जिले का एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। हालांकि इसी बीच दो बदमाश पुलिस को चकमा देकर भाग गए।
पुलिस उन बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। पकड़े गए बदमाशों में एक लखनऊ जिले का निवासी है। एसपी आनंद कुलकर्णी ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में डकैती की एक वारदात का राजफाश करते हुए बताया कि रविवार की देर रात सूचना मिली कि अटरिया थाना क्षेत्र में मॉडल स्कूल जजौर के पीछे डकैतों का गैंग एकत्र हो रहा है।
इस सूचना पर एएसपी मार्तंड प्रताप सिंह को कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी ने सीओ उदय प्रताप सिंह व थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ मॉडल स्कूल के निकट छापेमारी की। पुलिस टीम ने वहां मौजूद बदमाशों को दबोचना चाहा, तो उन्होंने पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग होते ही पुलिस टीम में हड़कंप मच गया। हालांकि टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की और फायर किया। इससे एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। जबकि दो बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर निकल भागे। पुलिस ने घेराबंदी करके घायल बदमाश समेत तीन अन्य बदमाशों को दबोच लिया।
एसपी ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम जाफर पुरवा निवासी विनोद के रूप में हुई है। जबकि उसके पकड़े गए तीन अन्य साथियों की पहचान बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र के कठवारा निवासी रमेश पासी, अटरिया थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर निवासी संतोष कश्यप व अलहियापुर निवासी नन्हकू पासी के रूप में हुई है।
पूछताछ में बदमाशों ने फरार बदमाशों की पहचान बाराबंकी के घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम अकईपुर जड़ासर निवासी विनोद व लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र के ग्राम बेहटा निवासी विवेक के रूप में बताई है। जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।
एसपी ने बताया कि इसी गैंग ने गत 24 मार्च को अटरिया के कोठार निवासी अनुज पंडित के घर डकैती डाली थी। पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर सात हजार की नकदी, लूटे गए सोने-चांदी के जेवर, बर्तन, तेल आदि बरामद किया गया है। बदमाशों के कब्जे से तीन तमंचे, छह कारतूस भी बरामद हुए हैं।
शातिर अपराधी है रमेश
मुठभेड़ के दौरान दबोचा गया रमेश शातिर किस्म का अपराधी है। उसके ऊपर विभिन्न अपराधों के करीब 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये मुकदमे लखनऊ के बख्शी का तालाब, अलीगंज, ठाकुरगंज व अटरिया थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं।
सात राउंड हुए फायर
बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब बदमाशों को हथियार डालने के लिए दबाव बनाया। तब बदमाशों ने एक के बाद एक करीब चार राउंड फायर किए। जवाब में पुलिस टीम ने करीब तीन राउंड फायर किए। जिसमें एक गोली बदमाश विनोद को लग गई।