पति व सास-ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
राजीचौराहा (बहराइच)। बरवलिया गांव की एक युवती को ससुरालीजनों ने दहेज में सोने की चेन व डेढ़ लाख रुपये नकदी नहीं मिलने पर लाठी-डंडे से पीटकर घर से निकाल दिया। इलाज के बाद पिता के साथ थाने पहुंची विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरदी थाना अंतर्गत बरवलिया गांव निवासी रेनू देवी (20) पुत्री रामछबीले का विवाह पांच वर्ष पूर्व इसी थाना क्षेत्र के बंभौरी गदामार गांव निवासी आलोक से हुआ था। रामछबीले का कहना है कि, शादी में उसने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था।
मगर ससुराल वाले सोने की चेन, डेढ़ लाख रुपये कैश, फ्रिज व अन्य सामान की मांग कर रहे थे। इसी के चलते पति व सास ने रेनू की लाठी-डंडों से पीटकर घर से निकाल दिया। जख्मी रेनू का उपचार कराने के बाद पिता उसे लेकर थाने गया।
जहां पुलिस ने पति आलोक व सास-ससुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार विष्ट ने बताया कि, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।