बाबा को चाय देने गया था, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
पयागपुर (बहराइच)। खेत में काम कर रहे बाबा को चाय और बिस्कुट देने गया बालक शुक्रवार देर शाम को रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। देर रात उसका शव गांव से एक किलोमीटर दूर बाग की झाड़ियों में मिला। इस मामले में पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
पयागपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत बभनियावां के मजरा पिलखावां निवासी बैजनाथ का आठ वर्षीय पुत्र अखिलेश गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता था। शुक्रवार शाम को वह स्कूल से घर लौटा तो खाना खाने के बाद आराम कर रहा था।
शाम चार बजे जब खेलने के लिए घर से बाहर जाने लगा तो मां ने खेत में काम कर रहे बाबा को चाय और बिस्कुट पहुंचाने की बात कही। इस पर अखिलेश चाय और बिस्कुट के साथ ही खेत में खेलने के लिए साइकिल का टायर लेकर निकल गया।
खेत में पहुंचकर बाबा को चाय और बिस्कुट देने के बाद वह टायर चलाते हुए खेलने निकल गया। लेकिन न तो वापस खेत में लौटा न ही घर पहुंचा। रात होने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। तब खोजबीन शुरू की गई।
रात 10 बजे के आसपास गांव से एक किलोमीटर दूर बाग में लगे पुआल के ढेर में अखिलेश का शव दबा हुआ मिला। उसके सिर पर गहरी चोटें थीं। इससे घर में कोहराम मच गया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष संजय मिश्रा भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पिता बैजनाथ का कहना है कि गांव के कुछ लोगों से रंजिश है, हो सकता है उन लोगों ने बेटे की हत्या की हो। वहीं एसओ का कहना है कि मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।