गुडंबा के भाखामऊ में इसी घर में हुई थी चोरी।
लखनऊ। गुडंबा के भाखामऊ में शनिवार रात मुंबई में कार्यरत सेल्स मैनेजर संतोष जैन के बंद घर के ताले तोड़कर चोर 17 लाख के जेवर ले गए।
पत्नी नीलम जैन, मां कमला जैन व बेटी के साथ संतोष दो माह से मुंबई में रह रहे हैं। रविवार सुबह पड़ोसी नीलम तिवारी ने उनके घर के कमरे का ताला टूटा देखा। बेलन के पास का प्लास्टर भी टूटा था। चोरी की आशंका पर उन्होंने संतोष को कॉल कर जानकारी दी।
संतोष की सूचना पर गुडंबा पुलिस मौके पर पहुंची और नीलम से मुख्य दरवाजे की चाभी लेकर अंदर पहुंची। चोरों ने भूतल के दो कमरों और प्रथम तल के एक कमरे के ताले तोड़ दिए थे। नीलम ने वीडियो कॉल कर संतोष को स्थिति दिखाई। संतोष ने बताया कि घर में करीब 17 लाख की कीमत के मां के पुश्तैनी जेवरात थे। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित के आने पर केस दर्ज किया जाएगा।
चौकी इंचार्ज बोले, एक चेन, अंगूठी हुई चोरी
गढ़ी चौकी प्रभारी संदीप सिंह गौड़ का कहना है कि सिर्फ एक चेन व अंगूठी चोरी हुई है। उधर, घटना ने पुलिस की गश्त की पोल खोल दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस की गश्त नहीं होती है। कई बार शिकायत पर भी सुनवाई नहीं हुई।
गुडंबा के भाखामऊ में इसी घर में हुई थी चोरी।