टी-थ्री में दिखेगी गोमती की धारा व अवध की स्थापत्य कला
- एयरपोर्ट के नए टर्मिनल पर खूबसूरत नजारे देख सकेंगे यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। अमौसी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल टी-थ्री का लुक यात्रियों को लुभाएगा। दो तरह की छतों की डिजाइन तैयार की गई थीं। ताकि विमानों की जब लैंडिंग व टेकऑफ हो तो यात्री टर्मिनल की छत के खूबसूरत नजारे से रूबरू हो सकें। छत की डिजाइन में गोमती की धार व अवधी स्थापत्य कला के नमूने देखने को मिलेंगे।
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तार का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। विमानों की पार्किंग से लेकर नए टर्मिनल टी-थ्री के निर्माण तक का काम हो रहा है। नए टर्मिनल के बनने से एयरपोर्ट का रुतबा बढ़ जाएगा। इस पर 1,230 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किया जाएगा। नए टर्मिनल का काम शुरू हो गया है। खास बात यह है कि इस टर्मिनल के बन जाने से विमानों का कारवां बढ़ेगा, जिससे यात्रियों को कई नई हवाई सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। टर्मिनल पर यात्रियों के आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते होंगे। इतना ही नहीं नए टर्मिनल को अवध की स्थापत्य कलाओं के लिहाज से खूबसूरत बनाया जा रहा है। इसमें टर्मिनल के भीतर जहां खूबसूरत नक्काशी यात्रियों को लुभाएगी। वहीं छत को नायाब ढंग से तैयार किया जा रहा है। छत के लिए दो डिजाइनें तैयार की गई थीं। इसमें से गोमती की धार वाली डिजाइन फाइनल की गई है। दरअसल, टर्मिनल की छत के किनारों को ऐसा बनाया जाएगा, जिससे यात्री जब विमान में होंगे तो हवा से उन्हें बहती हुई गोमती नजर आए। जबकि छत के अन्य हिस्सों को अवध की स्थापत्य कलाओं में ढाला जाएगा, जिससे लखनऊ का अक्स उभरकर सामने आएगा। इससे लखनऊ में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
तय हो गई डिजाइन
अमौसी एयरपोर्ट के नए टर्मिनल की डिजाइन तय हो गई है। छत के किनारों को गोमती की धारा के रूप में बनाया जाएगा। जबकि बाकी हिस्सों में अवध की स्थापत्य कला के नमूने यात्रियों को देखने को मिलेंगे।
- संजय नारायण, ओएसडी, अमौसी एयरपोर्ट