रायबरेली। जिले में ग्रामीण क्षेत्र की बदहाल सड़कों को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। इसके लिए करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन सड़कों की मरम्मत हो जाने से करीब पांच लाख लोगों को आने-जाने में राहत मिलेगी। एक राजमार्ग समेत ग्रामीण क्षेत्र की 26 सड़कों की मरम्मत कराने के लिए विभागीय अभियंताओं ने इसके लिए खाका तैयार कर लिया है। कुछ जगह सड़क मरम्मत का कार्य शुरू भी हो गया है। अरसे से लोग इन सड़कों की मरम्मत कराने की मांग कर रहे थे। अब जाकर सड़कों की मरम्मत का रास्ता साफ हुआ।
प्रदेश सरकार सड़कों को गड्ढा मुक्त करने पर जोर दे रही है। इसी को देखते हुए जिले में 26 सड़कों का चयन किया है। इसमें एक राजमार्ग, एक अन्य जिला मार्ग समेत 26 ग्रामीण मार्गों को दुरुस्त कराया जाएगा। इन सड़कों की मरम्मत हो जाने से करीब पांच लाख लोगों को आने और जाने में राहत मिलेगी। पीडब्ल्यूडी की ओर से कुछ सड़कों पर कार्य शुरू करा दिया गया है। बांदा-बहराइच राजमार्ग में बछरावां से लालगंज तक मरम्मत, शोभवापुर-चिलौला-लालमऊ-जनता बाजार मार्ग के अलावा 24 ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा। इन सड़कों की मरम्मत हो जाने से लोगों को आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। खास बात ये है कि बदहाल सड़कों की वजह से आए दिन सड़क हादसे होते थे। सड़कों की मरम्मत होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी।
पहले चरण में मिले तीन करोड़ 62 लाख रुपये
26 मार्गों की मरम्मत के लिए पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। पहले चरण में शासन की ओर से तीन करोड़ 62 लाख रुपये पीडब्ल्यूडी के खातों में भेज दिए गए हैं। अफसरों का मानना है कि जल्द ही शेष धनराशि भी आ जाएगी। कुछ सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू भी करा दिया गया है। प्रयास है कि जल्द से जल्द सभी सड़कों को दुरुस्त करा दिया जाए। बदहाल 26 सड़कों की मरम्मत हो जाने से लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।
26 मार्गों को दुरुस्त कराया जाएगा। इन मार्गों की मरम्मत होने से जिले के करीब पांच लाख ग्रामीणों को आने-जाने में राहत मिलेगी। अब तक करीब तीन करोड़ 60 लाख रुपये मिल गए हैं। कई स्थानों पर सड़कों की मरम्मत का कार्य भी शुरू करा दिया गया है।
- हंसराज, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी खंड द्वितीय