पुरानी रंजिश में चटकीं लाठियां, 14 घायल
अमेठी। क्षेत्र में मारपीट की घटनाओं में 14 लोग घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर पर केस दर्जकर घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के बढ़ई का पुरवा मजरे वैसड़ा निवासी छेदीलाल बुधवार सुबह किसी कार्य से पड़ोस के गांव कमासिन गए थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर कमासिन निवासी स्वामी दयाल, भैयाराम व केशवराम ने लाठी-डंडों से छेदीलाल की पिटाई कर दी।
दूसरी घटना थाना क्षेत्र संग्रामपुर के गांव ठेंगहा की है। गांव निवासी राधेश्याम तिवारी और रघुनाथ पांडेय के बीच काफी दिनों से भूमि विवाद चल रहा है। इसी को लेकर मंगलवार देर शाम दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चटकीं।
घटना में एक पक्ष से राधेश्याम, पुष्कर, अभिषेक, कमला, रीता, स्वाति व पूजा तथा दूसरे पक्ष से रघुनाथ, शिवम, सर्वेश कुमार, सुनील, प्रभा, अमीता घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस कर्मियों की मदद से घायलों को सीएचसी अमेठी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टराें ने पुष्कर, रीता, अभिषेक की हालत गंभीर देख हायर सेंटर रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष अमेठी शिवाकांत पांडेय व थानाध्यक्ष संग्रामपुर एएस भदौरिया ने बताया कि, पीड़ितों की तहरीर पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।