रुदौली वापसी की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने निकाला जुलूस
बाराबंकी। रुदौली वापसी की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत हो जुलूस निकाला तथा डीएम कार्यालय पर सभा करके मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरीश अग्निहोत्री, महामंत्री हिसाल बारी किदवई व रुदौली वापसी संघर्ष समिति के संयोजक एखलाक के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिला बार एसोसिएशन से जुलूस निकाला।
सिविल कोर्ट परिसर होते हुए जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। वहां जिलाधिकारी कार्यालय पर सभा की गई। सभा को संबोधित करते हुए एखलाक ने कहा कि, बसपा सुप्रीमो मायावती ने मनमाने तरीके से रुदौली तहसील को बाराबंकी से हटाकर फैजाबाद जिले में मिला दिया था।
उन्होंने कहा कि, रुदौली क्षेत्र की 90 प्रतिशत जनता अपने को फैजाबाद से हटाकर बाराबंकी जिले में मिलाना चाहती है। क्योंकि बाराबंकी के आसपास शैक्षिक हब है तथा कई उच्च शैक्षिक संस्थान, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं।
महामंत्री हिसाल बारी किदवई ने कहा कि, आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होगा। इस दौरान शंकर दयाल शर्मा, महेंद्र प्रताप सिंह, भारत सिंह, लल्लन यादव, रमन लाल द्विवेदी आदि मौजूद रहे।