मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडा का मामला
जमुनहा/रतनापुर (श्रावस्ती)। कुंडा निवासिनी एक गर्भवती महिला की बीते 20 अक्टूबर को गांव के ही दबंगों ने पिटाई कर दी थी। हालत बिगड़ने पर सोमवार परिवारीजनों द्वारा उसे सीएचसी मल्हीपुर में भर्ती कराया गया। जहां उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र ग्राम कुंडा निवासी मुबारक पांच माह पूर्व मेहनत मजदूरी करने के लिए मुंबई गया था। घर पर उसकी पत्नी मैसरुल (30) बच्चों के साथ रह रही है। मौजूदा समय में मैसरूल को छह माह का गर्भ था। मामूली बात को लेकर 20 अक्टूबर को गांव के ही आलम, फैमू, जौव्वर, साबिर, रशीद ने उसकी लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पिटाई कर दी थी।
इसकी सूचना के बाद मल्हीपुर पुलिस ने केस दर्ज कर उसे सीएचसी में इलाज कराकर घर भेज दिया था। सोमवार को मैसरूल अपनी शिकायत लेकर एसपी कार्यालय भिनगा गई थी। जहां से लौटते समय रास्ते में उसकी हालत काफी बिगड़ गई। जिसे आननफानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उसका गर्भपात हो गया।
उसने एक मृत बच्ची को जन्म दिया। इसकी सूचना के बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मल्हीपुर ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बारे में थानाध्यक्ष वकील पांडे बताते हैं कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।