अब एक साथ गुल नहीं होगी 16 हजार परिवारों की बिजली
15 अगस्त को मिलेगा जीटीआई, यूपीआईएल उपकेंद्रों को वैकल्पिक बिजली का तोहफा
राजधानी के चारबाग, मोतीनगर, मवैया, नाका आदि इलाकों के 16 हजार परिवारों एवं व्यापारियों के लिए आजादी की सालगिरह खुशखबरी लेकर आ रही है। 15 अगस्त के बाद फॉल्ट होने, केबल कटने और ट्रांसमिशन से सप्लाई फेल होने पर एक साथ इतने लोगों को बिजली संकट नहीं झेलना पड़ेगा। चंद मिनटों में ही 132 केवी हनुमान सेतु ट्रांसमिशन उपकेंद्र से जीटीआई उपकेंद्र की बिजली 33 केवी वैकल्पिक स्रोत के फीडर से चालू हो जाएगी। उपकेंद्र बनने के तीन दशक बाद भी लोग इस सुविधा से वंचित थे।
यूपी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन की लखनऊ इकाई के मुख्य अभियंता बीएस त्रिपाठी के मुताबिक 132 केवी हनुमान सेतु ट्रांसमिशन उपकेंद्र का 33/11 केवी जीटीआई उपकेंद्र से कनेक्शन करने की तैयारी है। ट्रांसमिशन उपकेंद्र से 33 केवी सप्लाई को चालू करने की टेस्टिंग चल रही है, जो तीन दिन के भीतर पूरी हो जाएगी। इसके बाद बिजली चालू करने की प्रक्रिया शुरू होगी। उधर, ट्रांसमिशन के अधीक्षण अभियंता आशुतोष दीक्षित ने बताया कि जीटीआई सहित अमीनाबाद एवं क्लाईड रोड उपकेंद्र का हनुमान सेतु ट्रांसमिशन उपकेंद्र से कनेक्शन करने के लिए शट डाउन की अनुमति लेनी होगी।
ये इलाके पाएंगे सुविधा
रेजीडेंसी खंड के अधिशासी अभियंता केके यादव ने बताया कि हनुमान सेतु ट्रांसमिशन उपकेंद्र की बिजली जब जीटीआई तक पहुंच जाएगी तो उससे यूपीआईएल उपकेंद्र की सप्लाई चालू कर लेंगे। इससे गांधीनगर, मकबूलगंज, लालकुआं, केकेसी, एपीसेन रोड, बांसमंडी, चारबाग, गौतमबुद्ध मार्ग, गणेशगंज, बशीरतगंज, राजेंद्रनगर, नाका, मोतीनगर, आर्यनगर, दुगांवा, ब्लंट स्क्वायर, मवैया, नेहरूनगर, पान दरीबा, रानीगंज, रेलवे कॉलोनी, गणेशगंज सराय फाटक आदि के लोग वैकल्पिक बिजली की सुविधा पाएंगे।
40 हजार की सुधरेगी बिजली
अधिशासी अभियंता (ट्र्रांसमिशन) राज आलोक ने बताया कि 132 केवी हनुमान सेतु ट्रांसमिशन उपकेंद्र से तीन उपकेंद्र जीटीआई, अमीनाबाद, क्लाईड रोड उपकेंद्र का कनेक्शन होने पर 40 हजार घर एवं दुकानों की बिजली सुधरेगी। अमीनाबाद उपकेंद्र के पास पहले से 132 केवी महताब बाग व टिकैतरायतालाब ट्रांसमिशन उपकेंद्र एवं क्लाईड रोड उपकेंद्र के पास मारटिनपुरवा एवं गोमतीनगर ट्रांसमिशन उपकेंद्र की 33 केवी सप्लाई का विकल्प है। हनुमान सेतु ट्रांसमिशन उपकेंद्र से बिजली चालू होने पर दोनो उपकेंद्रों के पास तीन विकल्प हो जाएंगे।
लोक भवन की बिजली व्यवस्था और बेहतर
मुख्यमंत्री कार्यालय लोक भवन की बिजली व्यवस्था अब पहले से और बेहतर हो चुकी। लोक भवन को बिजली सप्लाई की सुविधा 132 केवी मारटिनपुरवा, महताब बाग, हनुमान सेतु उपकेंद्र से हासिल हो चुकी। लोक भवन की बिजली हनुमान सेतु उपकेंद्र से जल्द ही जुड़ी है।