लखनऊ। गुडंबा के आदिलनगर में शुक्रवार रात एक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते 15 अन्य दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं। दमकल कर्मियों ने पांच गाड़ियों से दो घंटे में आग पर काबू पा लिया। दुकान मालिकों ने आग लगाए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा कर शांत किया।
आदिलनगर में एमडी पैलेस के पास लल्लन सिंह, राज, राजेश, अनुज, रामसजीवन, अतुल, आदिल बेग, आरिफ बेग, अर्शी व सात अन्य लोगों की टिनशेड से बनीं फुटवियर, कपड़े व बैग की दुकानें हैं। शुक्रवार रात करीब तीन बजे लल्लन सिंह की दुकान में आग लग गई। किसी राहगीर ने आग लगी देख पुलिस व दमकल को सूचना दी। इस बीच अगल-बगल के लोग भी जाग गए। सूचना पर दुकानदार भी पहुंच गए। देखते ही देखते 15 अन्य दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं। एफएसओ बीकेटी प्रशांत कुमार ने दो गाड़ियों और टीम के साथ मौके पर पहुंच कर आग बुझाना शुरू किया। इस बीच इंदिरानगर, हजरतगंज व गोमतीनगर से भी एक-एक गाड़ी पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने दो टीमों में बंटकर व निजी जल स्रोतों का भी इस्तेमाल कर दो घंटे में आग बुझा ली।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
लल्लन व अन्य दुकानदार अज्ञात पर रंजिश के चलते दुकानों में आग लगाने का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने इन्हें कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। इंस्पेक्टर के मुताबिक आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।