मधुमेह से पीड़ित बीटीसी पेपर लीक कांड के आरोपी आशीष अग्रवाल (50) की बृहस्पतिवार को इलाज के लिए एसजीपीजीआई लाने के दौरान मौत हो गई। कौशांबी जेल में बंद इस आरोपी की तबीयत बिगड़ने पर इलाज के लिए एसजीपीजीआई रेफर किया गया था।
बता दें, प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में स्थित लक्ष्मी अपार्टमेंट निवासी आशीष अग्रवाल को एसटीएफ ने बीटीसी प्रशिक्षण-2015 के चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के पेपर लीक मामले में एक अन्य आरोपी अरविंद भार्गव के साथ गिरफ्तार किया था। अग्रवाल कौशांबी जेल में बंद था।
एडीजी जेल चंद्र प्रकाश ने बताया कि आशीष को 28 दिसंबर को कौशांबी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उसका स्वास्थ्य लगता गिरता चला गया। दो जनवरी को वहां डाक्टरों ने उसे लखनऊ पीजीआई ले जाने की सलाह दी। उसे पीजीआई लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इस पर उसे रायबरेली जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एडीजी के मुताबिक आशीष को कौशांबी से लखनऊ लाए जाने के दौरान उसके परिवार के सदस्य भी साथ थे।