नानपारा (बहराइच)। नगर के राजा बाजार में रखे कूड़ेदान में एक युवक का शव सोमवार सुबह क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में ले लिया है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। लाश की पहचान नहीं हो सकी है। आशंका जतायी जा रही है कि हत्या कर शव को कूड़ेदान में फेंका गया है।
कोतवाली नानपारा अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र के राजा बाजार में पालिका परिषद की ओर से कूड़े को एकत्र करने के लिए कूड़ादान रखवाया गया है। सोमवार सुबह नगर पालिका का सफाईकर्मी जब साफ-सफाई कर कूड़ेदान से कूड़ा एकत्र कर रहा था, तभी उसमें लाश मिली। इस पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए।
सूचना पाकर चौकी इंचार्ज वीरेंद्र मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक विनोद अग्निहोत्री भी मौके पर पहुंचे। युवक के हाथ में कलावा बंधा हुआ है। उसकी पहचान नहीं हो सकी है। गले, चेहरे व सिर पर धारदार हथियार के जख्म हैं। लग रहा है कि कहीं हत्या करके शव को कूड़ेदान में फेंका गया है।
लाश की पहचान नहीं हो सकी है। उम्र लगभग 25 वर्ष है। ऐसे में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।