नौ घरों से लाखों के गहने-नकदी चोरी
सीतापुर। हरगांव, रेउसा व महमूदाबाद थाना क्षेत्रों में चोरों ने नौ घरों पर धावा बोलकर लाखों रुपये कीमत के गहने, नकदी समेत अन्य कीमती सामान पार कर दिया। हरगांव के एक घर से लाइसेंसी बंदूक भी चोर उठा ले गए। पीड़ितों ने संबंधित थानों में तहरीरें दी हैं। पुलिस जांच की बात कह रही है।
हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जलालीपुर देहा मल्लापुर निवासी सुनील कुमार यादव किसान हैं। शनिवार रात सुनील व परिवार के अन्य लोग घर में ताला डालकर छत पर सो रहे थे।
देर रात खिड़की के रास्ते घर में घुसे चोर लाइसेंसी बंदूक, सोने-चांदी के जेवर और बर्तन आदि चुरा ले गए। घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष अश्वनी पांडेय डॉग स्क्वाएड व फील्ड यूनिट की टीम लेकर मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
हरगांव के ही टिल्ला कल्यानपुर निवासी रामपाल व मायाराम के घर में भी शनिवार रात सेंध लगाकर घुसे चोर 1500 रुपये कैश व सोने-चांदी के जेवर आदि सामान चुरा ले गए।
इससे पूर्व गुरुवार रात चोरों ने हरगांव के ही ग्राम सहदेव पुरवा में अरविंद पांडेय के घर से 15 हजार रुपये कैश व गहने समेत करीब ढाई लाख का माल व सुशील के घर से इनवर्टर व तीन हजार रुपये कैश आदि सामान पार कर दिया।
रेउसा थाना क्षेत्र के ग्राम पश्चिम पुरवा सुपौली निवासी मनोज कुमार, संजय व मुनीम सगे भाई हैं। शनिवार रात तीनों भाई व उनका परिवार घर में सो रहा था। देर रात तीनों भाइयों के घर में घुसे चोर अलमारी व बक्से के ताले तोड़कर 40 हजार रुपये कैश, गहने आदि सामान चुरा ले गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी होने पर तीनों भाइयों ने रेउसा थाने में तहरीर दी।
वहीं, महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मालसरांय मजरे बघाइन निवासी नीरज कुमार मौर्य के घर में शनिवार रात छत के रास्ते चोर घुस गए। चोरों ने 50 हजार रुपये कैश, 55 लीटर मेंथा ऑयल, गहने, आवश्यक कागजात आदि पार कर दिया।
रविवार सुबह चोरी की जानकारी होने पर नीरज ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी है। एसएसआई रमेश चंद्र त्रिपाठी ने मौका मुआयना किया है। उन्होंने कहा कि, मामले में जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।