खीरों (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में रविवार की रात चार युवकों ने एक ढाबे में जमकर उत्पात मचाया। ढाबा संचालक और उसके बेटे को पीटा। लूटपाट करने के साथ तोड़फोड़ की। यही नहीं आरोपियों ने पिता-पुत्र को कार में बैठाकर अगवा कर लिया। दोनों को अगवा करके लालगंज की तरफ ले जा रहे थे। रेलवे क्रॉसिंग लालगंज में कार एक पोल से टकरा गई, जिससे ढाबा संचालक व उसका बेटा घायल हो गया। इस पर अपहरणकर्ता दोनों को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने कार बरामद कर ली है।
लालगंज के लालपुर मजरे मधुकरपुर निवासी राघवेंद्र सिंह पुत्र बलराम सिंहल ने थाने में दी तहरीर में कहा है कि गुरुबख्शगंज-लालगंज रोड पर गनेशगंज चौराहा मजरे गौनहा में उज्ज्वल चौहान ढाबा चलाता है। रविवार की रात ढाबे पर रायपुर निवासी राजन सिंह, छोटू सिंह, सेहरामऊ निवासी रिंकू गौड़ और बरी निवासी रवि सिंह खाना खा रहे थे। इस दौरान थानाध्यक्ष गुरुबख्शगंज की गाड़ी वहां पहुंची और चारों लोगों से पूछताछ की, जिस पर ढाबा संचालक ने पुलिस से उन चारों लोगों को अपना रिश्तेदार बताया। पुलिस के जाने के बाद चारों लोग ढाबा संचालक पर पुलिस बुलाने का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ करने लगे।
ढाबा संचालक राघवेंद्र सिंह और उनके पिता बलराम सिंह ने जब इसका विरोध किया तो चारों लोगों ने पिता-पुत्र को अगवा कर ढाबे से 36000 रुपये लूट लिए और बिना नंबर की लाल रंग की कार में डालकर लालगंज की ओर चले गए। इस दौरान लालगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास कार अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई, जिससे ढाबा संचालक पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इस पर चारों लोग कार सहित उन्हें छोड़कर भाग गए। दोनों घायलों ने सीएचसी लालगंज में इलाज कराया। थानाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने बताया कि ढाबा संचालक राघवेंद्र सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।