हादसे में युवक की मौत, चचेरा भाई घायल
सीतापुर। रेउसा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी रेउसा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे की हालत नाजुक देखकर उसे लखनऊ रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार युवकों के पास हेलमेट था मगर वो उसे पहने नहीं थे।
सकरन के ग्राम ढकिया निवासी सुशील सिंह (38) अपने चचेरे भाई अनुज सिंह (22) के साथ सोमवार को बाइक से एक बारात में रेउसा के इटौरी गांव जा रहा था। रास्ते में रेउसा थाना क्षेत्र में ग्राम बभनावां के पास अचानक सुशील की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई।
इससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर यूपी-100 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को रेउसा सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सुशील को मृत घोषित कर दिया। जबकि अनुज सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया।