जरवल (बहराइच)। जंगल से भटक कर एक बारहसिंघा शुक्रवार सुबह ग्राम रूदाइन के निकट पहुंच गया। उस पर कुत्तों ने हमला कर नोंचकर घायल कर दिया। बारहसिंघा को घायल हालत में पशु अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है।
विकासखंड जरवल अंतर्गत ग्राम रूदाइन गांव के निकट शुक्रवार सुबह एक बारहसिंघा जंगल से भटक कर पहुंच गया। तभी गांव के कुत्तों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह बारहसिंघा को बचाया।
जरवल रोड थाना और चौकी जरवल कस्बा पुलिस को सूचना दी गई। चौकी प्रभारी अभय सिंह ने तुरंत मौके पर पहुंच कर घायल बारहसिंघा को ग्रामीणों की मदद से जरवल स्थित पशु चिकित्सालय पहुंचाया।
यहां पशु चिकित्सक डॉ. राजीव सक्सेना ने इलाज शुरू किया। डॉ. सक्सेना ने बताया कि समय रहते इलाज होने से बारहसिंघा खतरे से बाहर है। वनकर्मियों ने कहा कि स्वस्थ होने पर उसे जंगल ले जाकर छोड़ा जाएगा।