झपकी ने ली ट्रक चालक की जान, क्लीनर घायल
बाराबंकी। चालक को झपकी आने से शनिवार सुबह ट्रक सड़क किनारे खडे़ हाफ डाला को टक्कर मारते हुए ट्रांसफार्मर से टकरा गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर मंगाकर ट्रक का केबिन कटवाकर उसमें फंसे चालक व क्लीनर को बाहर निकाला। दोनों को सीएचसी कोठी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चालक की मौत हो गई।
बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर कोठी चौराहे के पास शनिवार सुबह चालक को झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े हाफ डाला में टक्कर मारते हुए बिजली के ट्रांसफार्मर में घुस गया।
इससे पास में रखी गुमटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा देख वहां भीड़ लग गई। खबर पाकर कोठी पुलिस भी पहुंच गई और गैस कटर मंगाकर ट्रक के केबिन में फंसे चालक व क्लीनर को बाहर निकालकर सीएचसी कोठी पहुंचाया गया।
जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चालक मलखान पुत्र राजवीर निवासी जसपुरा, राजस्थान की मौत हो गई, जबकि क्लीनर गब्बर का इलाज चल रहा है।