फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हत्या कर तालाब में फेंका सेल्समैन का शव

विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र के राधाकुंड मोहल्ले के रहने वाले सेल्समैन को बुधवार की शाम घर से बुलाकर ले गए एक किराना दुकानदार ने उसको अगवा कर लिया। इसके बाद उसकी हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए शव बगल के ही सागर तालाब में फेंक दिया। परिवारीजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह उसका शव सागर तालाब में उतराता मिला। सेल्समैन के दोनों हाथ बंधे हुए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में सेल्समैन के बाबा ने कोतवाली नगर में किराना दुकानदार के खिलाफ अपहरण, हत्या व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन

शहर के राधाकुंड मोहल्ले के रहने वाले वीरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ छोटू ने बताया कि उसका बेटा अमरेश उर्फ गोलू (18) सेल्समैन का काम करता था। वीरेंद्र के मुताबिक पिछले तीन दिनों से कोतवाली देहात के पीछे रहने वाला गुड्डू, जो फैजाबाद रोड पर किराने की दुकान चलाता है। उसके बेटे को बुलाने उसके घर आ रहा था। बुधवार की शाम चार बजे भी गुड्डू अमरेश को बुलाने उनके घर आया था। यहां से वह अमरेश को बुलाकर अपने साथ ले गया। अमरेश देर रात तक घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई, मगर उसका कहीं पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह अमरेश के बाबा राजाराम ने कोतवाली नगर में गुड्डू के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच सूचना मिली कि मालवीय नगर में स्थित सागर तालाब में एक शव उतराता मिला है। परिवार के लोग कोतवाली नगर पुलिस के साथ तालाब पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला गया तो वह अमरेश का शव था। उसके दोनों हाथ आपस में जकड़े हुए थे। सेल्समैन के बाबा ने बताया कि गुड्डू ने अमरेश की हत्या करके साक्ष्य छिपाने के लिए शव को सागर तालाब में फेंक दिया। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पहले से दर्ज अपहरण के मुकदमे में हत्या व साक्ष्य छिपाने की धारा तरमीम कर दी गई है।


तीन भाइयों में मंझला बेटा था अमरेश
शहर के राधाकुंड मोहल्ले के रहने वाले वीरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ छोटू के तीन बेटों सबसे बड़ा भीम (25), छोटा सत्यम (15) व मंझला बेटा अमरेश उर्फ गोलू (18) था। तीन बेटों के बीच दूसरे नंबर पर एक बेटी कोमल (20) है।
विज्ञापन


बेटे की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शहर के राधाकुंड मोहल्ले के रहने वाले वीरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ छोटू के बेटे अमरेश उर्फ गोलू की हत्या की खबर उसके घर पहुंचने ही घर में कोहराम मच गया। गोलू की मां जयवंती बेटे की हत्या की खबर सुनते ही बेतहाशा सागर तालाब की ओर भागी। पिता वीरेंद्र, बाबा राजाराम व बड़ा भाई भीम और छोटा भाई सत्यम के साथ ही बहन कोमल भी भाई को खोने के गम में डूबी है। घर रह-रहकर सन्नाटे की चीरती चीखें उठ रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें