फैजाबाद। अयोध्या रेलवे स्टेशन अब और उच्चीकृत होने जा रहा है। 80 करोड़ की लागत से रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण की परियोजना का शिलान्यास करने रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा 20 फरवरी को अयोध्या आएंगे। अयोध्या में परियोजनाओं का शिलान्यास करने के बाद रेल राज्यमंत्री फैजाबाद में स्वचालित सीढ़ियों व प्लेटफॉर्म नंबर-1 का विस्तारीकरण तथा लिफ्ट का लोकार्पण भी करेंगे।
तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को अयोध्या पहुंचे लखनऊ मंडल के डीआरएम सतीश कुमार ने बताया कि 80 करोड़ की लागत से होने वाले नवीनीकरण के तहत अयोध्या रेलवे स्टेशन की नई बिल्डिंग, प्लेटफॉर्म नंबर-1 का विस्तारीकरण, 2 व 3 की मरम्मत सहित फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा। इसके अतिरिक्त यात्री सुविधाओं के लिए एक्सेलेटर, विश्रामालय आदि भी बनाए जाएंगे। कहा कि हमारा लक्ष्य रेलवे स्टेशन को अयोध्या की गरिमा के अनुकूल विकसित करना है। मौके पर मौजूद सांसद लल्लू सिंह ने बताया कि इस दौरान रेलवे स्टेशन के सामने साकेत होटल के पास स्थित मैदान में एक समारोह का आयोजन किया जाएगा। मेयर ऋषिकेश उपाध्याय ने बताया कि अयोध्या के विकास की कड़ी में अयोध्या रेलवे स्टेशन का सौंदर्यीकरण एक अहम स्थान रखेगा। आने वाले दिनों में अयोध्या अपने विकसित स्वरूप पर पहुंचेगी। तैयारियों का जायजा सांसद, महापौर के साथ जेडआरयूसीसी के सदस्य अवधेश पांडेय बादल, डीआरयूसीसी के सदस्य ओम प्रकाश सिंह व डीआरएम सतीश कुमार, सीनियर डीसीएम शिवेंद्र शुक्ला व अश्वनी कुमार शुक्ला ने लिया।
राइट्स एजेंसी कराएगी सौंदर्यीकरण
अयोध्या रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का कार्य राइट्स एजेंसी को दिया गया है। जिसने पूर्व में जम्मू के कटरा रेलवे स्टेशन का निर्माण किया है। उसकी गिनती देश के अच्छे रेलवे स्टेशन में की जाती है। उसी तर्ज पर अयोध्या रेलवे स्टेशन का भी निर्माण किए जाने की योजना है।