शिकायत के घंटों बाद पहुंचे स्वास्थ्य कर्मी
लहरपुर (सीतापुर)। पल्स पोलियो अभियान में लगी टीमें बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। गुुुरुवार को एक टीम की लापरवाही सामने आई। लहरपुर के बसंतीपुर में पोलियो वैक्सीन के आइस-बॉक्स काफी देर तक खुले में पड़े रहे। शिकायत के घंटों बाद स्वास्थ्य कर्मी पहुंचे। अब अधिकारी इस मामले की जांच कराने की बात कह रहे हैं।
जिले भर में इस समय पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। सीएचसी से पोलियो वैक्सीन के आइस-बॉक्स लेकर सुबह के समय वाहन निकलते हैं व निर्धारित जगहों पर पहुंचा देते हैं। इसके बाद टीम के कर्मचारी आइस-बॉक्स रिसीव करते हुए गांव-गांव जाते हैं।
लेकिन गुरुवार को लहरपुर के बसंतीपुर गांव में तीन आइस-बॉक्स लावारिस हाल में खुले में पड़े रहे। इन बॉक्सों को कुत्ते इधर-उधर फेंक रहे थे। ग्रामीणों का कहना है सुबह किसी वाहन से यहां बॉक्स उतारे गए थे लेकिन स्वास्थ्य कर्मी समय से नहीं पहुंचे। इसकी शिकायत के काफी देर बाद पहुंची टीम बॉक्स ले गई।
होगी कार्रवाई
खुले में आइस-बॉक्स पड़े रहने की सूचना मिली थी। इस पर टीम भेजकर जांच कराई गई है। लापरवाह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-सुधीर पांडेय, सीएचसी अधीक्षक