नानपारा/चित्तौरा (बहराइच)। नानपारा क्षेत्र में सोमवार को बेकाबू ट्रक ने ट्रिपलिंग कर रहे दोस्तों को रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई व एक घायल हो गया। जबकि गोंडा रोड पर दंपती समेत तीन लोग घायल हुए हैं। मृतकों के शव का पंचनामा कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जबकि घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है। इनमें दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। बाइक सवार हेल्मेट नहीं लगाए थे।
लखीमपुर खीरी जिले के खैरानी निघासन निवासी कृष्णा उर्फ कन्हैया (19), अमित राजपूत (20) निवासी बोधइया कला निघासन खीरी और केशवराम (21) मिहींपुरवा बाजार में संचालित लार्डबुद्धा कंप्यूटर सेंटर में अध्ययनरत थे। सोमवार सुबह तीनों छात्र बाइक से मिहींपुरवा पहुंचे। यहां पर प्रशिक्षण लेने के बाद काउंसलिंग के लिए नानपारा स्थित इंस्टीट्यूट रवाना हुए।ू नानपारा में काउंसलिंग में शामिल होने के बाद देर शाम तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर वापस लखीमपुर लौट रहे थे। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर शिवपुर-इमामगंज बाईपास मार्ग पर बाइक सवार दोस्तों को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बीच सड़क पर गिर गई। जबकि उस पर सवार दोस्त सड़क पर गिर गए। ट्रक उन्हें रौंदते हुए कुछ दूरी पर जाकर रुका। बाइक सवार कृष्णा और अमित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि केशवराम बुरी तरह सेर लहूलुहान हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंचे एसआई विपिन सिंह और सुधीर शुक्ला ने मृतकों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि अमित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया है। उधर गोंडा-बहराइच मार्ग पर कोतवाली देहात अंतर्गत पेड़वा गांव निवासी कंधईलाल (60) अपनी पत्नी माया देवी (55) को बाइक पर बिठाकर चिलवरिया बाजार जा रहे थे। बाइक सवार दंपती जब गोंडा-बहराइच मार्ग पर मछियाही चौराहे के निकट पहुंचे। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं सरैंया रसूलपुर निवासी बाबूलाल (40) भी ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। उन्हें भी जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया है।