औद्योगिक परिसर स्थित एक बेकरी इंडस्ट्री से करते थे अवैध वसूली
फैजाबाद। औद्योगिक परिसर स्थित एक बेकरी इंडस्ट्री से अवैध वसूली करने के आरोप में जिले के एक थानेदार, एक स्वाट प्रभारी और तीन सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसएसपी ने एसपी सिटी की जांच रिपोर्ट में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने पर की। इसी के साथ आरोपियों को उनके कार्य दायित्व से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है।
जिले के लखनऊ हाईवे से सटे औद्योगिक परिसर स्थित एक बेकरी इंडस्ट्री की ओर से एसएसपी समेत शासन के आला अधिकारियों से शिकायत कर महराजगंज इंस्पेक्टर केके गुप्ता और स्वाट टीम के प्रभारी अजय सिंह समेत सिपाही नितिन, बलवंत और ओमप्रकाश के खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर तैनाती के बावजूद अवैध वसूली करते रहने का आरोप लगाया था।
एसएसपी सुभाष सिंह बघेल ने मामले की जांच एसपी सिटी अनिल सिसौदिया को सौंपी थी। एसएसपी ने बताया कि एसपी सिटी की जांच में पांचों के खिलाफ वसूली की बात सही पाई गई है। लिहाजा पांचों को तत्काल प्रभाव से मंगलवार को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी ने कहा कि पांचों पुलिस कर्मी अलग-अलग तैनाती के बावजूद अवैध वसूली में लिप्त रहे। जिले में किसी भी भ्रष्ट पुलिस कर्मी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।