इंदिरा नगर स्थित निजी विद्यालय के सभागार में रविवार को हुआ कार्यक्रम।
लखनऊ। राष्ट्रीय आय योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा वर्ष 2025-26 में सफल प्रदेश के करीब 15 हजार छात्र-छात्राओं को हर महीने एक हजार रुपये मिलेंगे। इनमें राजधानी के करीब 270 विद्यार्थी हैं। राजधानी सहित प्रदेश के ऐसे विद्यालय जिनके यहां पांच से अधिक बच्चे छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल हुए उनके शिक्षकों को रविवार को सम्मानित भी किया गया।
इंदिरा नगर स्थित निजी विद्यालय के सभागार में रविवार को हुए कार्यक्रम में प्रदेशभर से 409 स्कूलों के जबकि राजधानी से सात विद्यालयों के शिक्षक शामिल हुए। कॉलेज आफ टीचर एजुकेशन प्रयागराज के प्राचार्य अजय कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा में प्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त व परिषदीय, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले बच्चे सम्मिलित होते हैं। सफल बच्चों को कक्षा नौ से 12 तक अध्ययन के लिए हर महीने एक हजार की छात्रवृत्ति दी जाती है।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के पूर्व निदेशक सर्वेंद्र विक्रम बहादुर सिंह, डायट आगरा से मनोज कुमार वैष्णव, खंड शिक्षा अधिकारी बीकेटी प्रीति शुक्ला शामिल हुईं। कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय बखारी के बच्चों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
-
2.5 लाख आवेदन, 14925 विद्यार्थी हुए सफल
राष्ट्रीय आय योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए इस वर्ष 2.5 लाख आवेदन आए थे। दो स्तर पर हुई परीक्षा में 14925 अभ्यर्थी सफल हुए। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार 432 अभ्यर्थी अधिक सफल हुए। प्राचार्य अजय कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश के लिए कुल 15143 छात्रवृत्तियां आवंटित हैं। इसके सापेक्ष वर्ष 2024 में 14896, 2025 में 14493 जबकि, 2026 में 14925 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण की है।
इंदिरा नगर स्थित निजी विद्यालय के सभागार में रविवार को हुआ कार्यक्रम।