नगर निगम के 15 हजार कर्मचारियों को भी लगेगी वैक्सीन
नगर निगम के करीब 15 हजार कर्मचारियों को भी कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। इसे लेकर सोमवार सुबह नगर आयुक्त की अध्यक्षता में विशेेष बैठक भी हुई।
इसमें अपर नगर आयुक्त स्तर के अधिकारियों से लेकर सफाई निरीक्षक तक शामिल हुए। बैठक के बाद कर्मचारियों के डाटा फीडिंग का काम शुरू कर दिया है।
नगर आयुक्त ने सभी जोनल अफसरों को 10 जनवरी तक इस काम को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। फीडिंग के बाद डाटा नगर विकास विभाग को भेज दिया जाएगा।
नगर निगम में नियमित और कार्यदायी के मिलाकर करीब 10 हजार सफाई कर्मचारी हैं। इसके अलावा उद्यान, आरआर विभाग (रबिस रिमूवल), मार्ग प्रकाश, गृहकर, अभियंत्रण व अन्य विभागों के करीब पांच हजार कर्मचारी-अधिकारी हैं।
उन सबको फ्रंट लाइन वर्कर की श्रेणी में माना जा रहा है। ऐसे में इनको हेल्थ वर्कर के बाद दूसरे फेज में वैक्सीन दी जानी है। अपर नगर आयुक्त अर्चना द्विवेदी ने बताया कि शासन के निर्देश पर कर्मचारियों-अधिकारियों का डाटा फीड कर नगर विकास विभाग को भेज दिया जाएगा।
तैयारी के निर्देश दिए
नगर आयुक्त अजय द्विवेदी ने बताया कि सफाई के अलावा अन्य आवश्यक सेवाओं में लगे नगर निगम कर्मचारियों को भी फ्रंट लाइन वर्कर में शामिल किया गया है। सरकार की ओर से उनको भी कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। इसे लेकर बैठक कर सभी को तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।