यूपी में लॉकडाउन की अवधि बढ़ाए जाने की अटकलों के बीच प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रदेश के 15 जिलों के उन इलाकों को पूरी तरह सील करने का निर्णय लिया है जहां संक्रमण सबसे ज्यादा है।
प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने लोकभवन में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 15 जिलों के उन इलाकों को ही सील किया जाएगा जो हॉटस्पॉट बन चुके हैं। पूरा जिला सील नहीं किया जाएगा। वहीं, सरकार ने 30 अप्रैल तक घर से बाहर निकलने पर मास्क लगाना सभी के लिए अनिवार्य कर दिया है। जो भी मास्क के बिना मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि जिन जिलों में छह या छह से ज्यादा मरीज मिले हैं उन्हें हॉट स्पॉट माना गया है। इन इलाकों में बैंक भी बंद रहेंगे और मीडिया भी प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बताया कि शामली में तीन, मेरठ में सात, बरेली में एक, बुलंदशहर में तीन, बस्ती में आठ, फिरोजाबाद में चार, महाराजगंज में चार, सीतापुर में एक, लखनऊ में 11, बस्ती में आठ हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं।
इन जिलों के हॉटस्पॉट किए जाएंगे सील:
आगरा, लखनऊ, गाजियाबाद, गौतमबुद्घ नगर, कानपुर नगर, वाराणसी, शामली, मेरठ, बरेली, बुलंदशहर, बस्ती, फिरोजाबाद, सहारनपुर, महाराजगंज, सीतापुर।
बता दें कि तब्लीगी जमात के लोगों के कारण यूपी में संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को प्रदेश में 28 नए मरीज मिले हैं। इनमें से सर्वाधिक 10 आगरा के हैं। वहीं, लखनऊ में जमातियों के संपर्क में आने वाली एक महिला पॉजिटिव मिली है। इसके साथ ही 7 अप्रैल तक प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 348 हो गई है। इनमें से 178 तब्लीगी जमात से जुड़े हैं।