यूपी ने नेशनल गेम्स की मेजबानी करने का मन बना लिया है। प्रदेश सरकार के ताजा फैसलों को देखकर तो कुछ ऐसा ही लगता है। तभी तो अखिलेश सरकार के कार्यकाल से अधूरे पड़े वेलोड्रोम का निर्माण कार्य दोबारा शुरू करने का फैसला हुआ है।
शासन ने इसके लिए खेल विभाग को 15 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। बीते खेल दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय ने सीएम योगी से राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को लेकर चर्चा की थी।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों के यूपी में आयोजन को लेकर रुचि भी दिखाई थी। राष्ट्रीय खेलों के लिए यहां वेलोड्रोम होना जरूरी है। इसके निर्माण के बाद राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का यूपी दावा मजबूत हो जाएगा।
साथ ही यूपी में तमाम अन्य खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं भी मिल जाएंगी। जो यूपी के खेल भविष्य को बेहतर बनाएगा। गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में निर्माणाधीन वोलेड्रोम के लिए पिछली सरकार ने पांच करोड़ रुपये दिए थे।
167 करोड़ के कुल बजट वाले इस प्रोजेक्ट के लिए पांच करोड़ की धनराशि व्यय होने के बाद काम रुक गया। कुछ समय बाद सरकार बदल गई और इसके बाद यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया।
अभी तक लग चुके पांच करोड़ रुपये
बनने के बाद बाहर से कुछ ऐसा दिखेगा वेलोड्रोम।
- फोटो : amar ujala
खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह का कहना है कि वोलोड्रोम को पूरा करने के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। 167 करोड़ के इस प्रोजेक्ट में अभी तक पांच करोड़ रुपये लग चुके हैं।
शासन की ओर से 15 करोड़ रुपये खेल विभाग को और दिए गए हैं। जल्द ही यहां काम शुरू हो जाएगा। नेशनल गेम्स के आयोजन के लिए वेलोड्रोम जरूरी है। हम इस प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करना चाहते हैं ताकि यूपी में राष्ट्रीय खेल हो सकें।
प्रेदेश में खेलों का होगा विकास
यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव आनंदेश्वर पांडेय कहते हैं कि अगर स्पोर्ट्स कॉलेज में वेलोड्रोम बन जाता है, तो हमारे लिए राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी हासिल करना आसान हो जाएगा।
हमारी पूरी कोशिश होगी कि वेलोड्रोम के पूरे होने तक यूपी में नेशनल गेम्स का आयोजन हो जाए। इससे न सिर्फ प्रदेश में खेलों का विकास होगा, बल्कि खेलों से जुड़ी अत्याधुनिक एवं बुनियादी सुविधाएं तैयार की जा सके।
प्रोजक्ट पर एक नजर
- 20000 स्क्वायर फिट में निर्माणकार्य
- 6000 स्क्वायर फिट खिलाड़ियों के लिए
- 5000 दर्शकों के बैठने की होगी व्यवस्था
- 250 मीटर लंबा और 120 मीटर चौड़ा ट्रैक