चार गांव में होगा नए कोटे का चयन
टाण्डा(ब्यूरो)। गत दिवस अनियमितता के आरोप में निरस्त हुए चार सरकारी खाद्यान्न की दुकानों के नए कोटेदारों के चयन के लिए उपजिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह ने निर्देशित किया है।
खंड विकास अधिकारी टांडा को कहा कि गांवों में खुली बैठक कराकर नए कोटेदारों का चयन किया जाए, जिससे गांवों में उपभोक्ताओं को सुचारु सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ मिल सके। बताते चलें कि बेलांगर डाड़ी, शमशुद्दीनपुर, नसीराबाद व गोहिला के ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके गांव के कोटेदार द्वारा राशन वितरण में व्यापक स्तर पर मनमानी बरती जा रही है। एसडीएम नरेन्द्र सिंह ने शिकायत की जांच कराई तो ग्रामीणों की शिकायत सही मिली। इस पर उन्होंने चारों गांवों के कोटे को निरस्त कर दिया। इस बीच अब उन्होंने खंड विकास अधिकारी को गांवों में बैठक कर नए कोटेदार का चयन कराने का निर्देश दिया है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेश कुमार सरोज ने बताया कि इस बावत आवश्यक तैयारियां शुुरु कर दी गई हैं।