घर में ताला तोड़ एक लाख के जेवर चोरी
भीटी। अहिरौली थाना क्षेत्र के दिलावलपुर गांव में शनिवार रात चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर करीब एक लाख रुपये कीमत के गहने पार कर दिए। पीड़ित ने अहिरौली थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दिलावलपुर गांव निवासी मोहम्मद सिद्दीक ने थाने में तहरीर देकर बताया कि मिझौड़ा चौराहे पर उसकी दुकान है। परिवार के सदस्य दिन में दुकान चले आते हैं। इसके बाद रात आठ बजे घर पहुंचते हैं। शनिवार को भी वह रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद कर घर पहुंचा तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा है। अंदर रखे तीन बक्से के ताले भी टूटे मिले। बक्से में रखे करीब एक लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने चोरी हुए हैं। एसओ वासुदेव राणा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। छानबीन कराई जा रही है।