करंट से युवक की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
अंबेडकरनगर (ब्यूरो)। थाना क्षेत्र अकबरपुर के काशीपुर बगिया गांव में रविवार शाम एक युवक की विद्युत स्पर्शाघात से मौत हो गई। युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने अकबरपुर-टांडा मार्ग जाम कर दिया और दोषी विद्युत कर्मियों के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर व सीओ ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
अरियाबाजार के निकट काशीपुर बगिया गांव निवासी विनोद राजभर (20) रविवार देरशाम गांव के निकट विद्युत तार की चपेट में आ गया। ग्रामीणों के मुताबिक बीते दिनों आई आंधी में तार टूट गया था जिसमें करंट नहीं आ रहा था। इस बीच रविवार को उसमें अचानक करंट प्रवाहित हो गया। इससे वह उसकी चपेट में आ गया। मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। इससे नाराज ग्रामीणों ने अकबरपुर-टांडा मुख्य मार्ग जाम कर दिया और विद्युत अधिकारियों के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग की। मौके पर पहुंचे बसपा नेता बालमुकुंद धुरिया ने कहा कि कई गांवों में ऐसी स्थिति है, जहां अभी तक गिरे हुए तारों को दुरुस्त नहीं किया जा सका है। ऐसे में हर जगह हादसे की आशंका बनी हुई है। दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सीधे हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए। बाद में मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर विवेक मिश्र व सीओ राघवेंद्र मिश्र ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।