किराएदारी के विवाद में दंपती पर हमला, पत्नी की मौत
सुल्तानपुर। बकाया किराया मांगने पर दुकानदार ने दंपती पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। बीचबचाव करने पहुंचे पड़ोसी को भी किराएदार ने पीटकर लहूलुहान कर दिया।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टराें ने महिला को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन महिला को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतका के बेटे की तहरीर पर आरोपी किराएदार के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के धरौली बाजार का है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के धरौली बाजार में दुर्जन उर्फ बिंदू का मकान है। मकान में ही दुर्जन की तीन दुकानें हैं। एक में दुर्जन फर्नीचर की दुकान करता है।
एक अन्य दुकान दुर्जन ने लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के गोपालापुर मुकुंदपुर गांव निवासी संतोष कुमार पुत्र रामलाल को किराए पर दी है। जिसमें संतोष बेकरी का काम करता है।
तीन माह से संतोष ने दुर्जन को दुकान का किराया नहीं दिया था। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे दुर्जन ने संतोष से किराया मांगा तो विवाद होने लगा।
देखते ही देखते विवाद ने तूल पकड़ लिया तो संतोष ने लोहे के रॉड से दुर्जन पर हमला कर दिया। दुर्जन की चीखपुकार सुनकर उसकी पत्नी ज्ञानमती उर्फ गिनाऊ (45) बचाने पहुंची तो संतोष ने लोहे के रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया।
ज्ञानमती जमीन पर बेहोश होकर गिर पड़ी। दुर्जन व ज्ञानमती को बचाने पहुंचे पड़ोसी लवलेश को भी संतोष ने रॉड से हमला कर लहूलुहान कर दिया। हमले के बाद संतोष मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल दुर्जन, ज्ञानमती और लवलेश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ज्ञानमती की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
परिवारीजन ज्ञानमती को लेकर लखनऊ जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। एसओ मधुकांत मिश्र ने बताया कि, ज्ञानमती के पुत्र आनंद सेन की तहरीर पर संतोष के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।