रायबरेली जिले के चार माध्यमिक विद्यालयों में वेतन का संकट बना हुआ है। कई बार कोशिश के बाद भी वेतन नहीं दिया जा रहा है।
इससे संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों में आक्रोश है। वसी नकवी नेशनल इंटर कॉलेज में चार महीने से वेतन नहीं मिला है, जबकि भागीरथी इंटर कॉलेज मुराईबाग, जनपद इंटर कॉलेज हरचंदपुर और सरस्वती इंटर कॉलेज खीरों में भी अप्रैल से वेतन भुगतान नहीं किया गया है।
विद्यालयों में वेतन भुगतान अवरुद्ध होने की यह समस्या रविवार को राजर्षि रामपाल सिंह वैदिक कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक में गूंजी।
संगठन के पदाधिकारियों ने साथी शिक्षकों को भरोसा दिलाया कि इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलकर वेतन भुगतान कराने की मांग की जाएगी।
जिलाध्यक्ष जेपी शुक्ल ने बताया कि 13 जुलाई को नेता शिक्षक दल ओमप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा निदेशक कार्यालय लखनऊ में पेंशन पुनरीक्षण समेत कई मांगों को लेकर धरना दिया जाएगा, जिसे सफल बनाना है।