पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर तहसील में उप निबंधन कार्यालय खोलने में हीलाहवाली से गुस्साए तहसील के वकीलों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह में उप निबंधन कार्यालय खोलने की मांग की।
पयागपुर तहसील में उप निबंधन कार्यालय खोले जाने के प्रस्ताव पर शासन द्वारा हरी झंडी देते हुए बजट का आवंटन माह भर पूर्व कर दिया गया था। इसके बावजूद उप निबंधन कार्यालय खोलने पर संबंधित अधिकारी हीलाहवाली बरत रहे हैं। इस मामले में तहसील के अधिवक्ताओं ने कई बार अधिकारियों को पत्र सौंपा, लेकिन कार्यालय खोलने में हीलाहवाली पर शुक्रवार को तहसील के वकील भड़क उठे। उन्होंने ने एसडीएम कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को मांगपत्र सौंपकर उप निबंधन विभाग के अधिकारी पर गंभीर आरोप मढ़े। कहा कि कार्यालय खोलने के लिए शासन द्वारा बजट भी आवंटन कर दिया गया है, लेकिन जानबूझकर उपेक्षा की जा रही। वकीलों ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह में कार्यालय खोलने की प्रक्रिया शुरू नहीं होती है, तो वे क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन शुरू कर आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। इस मौके पर राघवेंद्र प्रताप सिंह, निर्मल कुमार तिवारी, लायकराम तिवारी, विनय तिवारी, रामसजग गोस्वामी, विनोद कुमार मिश्र, सत्यप्रकाश दूबे आदि मौजूद रहे।