रायबरेली/फुरसतगंज। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को अमेठी संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंच रहे हैं। पहले दिन राहुल कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके संगठन की जहां नब्ज टटोलेंगे, वहीं गांवों का भ्रमण करके विकास कार्यों की सच्चाई भी जानेंगे। राहुल के दौरे के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एसपीजी ने स्थानीय पुलिस के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था खंगाली। राहुल के दौरे को लेकर सुरक्षा के कडे़ इंतजाम किए गए हैं।
दो दिवसीय दौरे के पहले दिन सांसद राहुल गांधी तिलोई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फुरसतगंज स्थित एक लॉन में पूर्वाह्न 11.30 बजे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके संगठन के कामकाज के बारे में जानेंगे। दोपहर दो बजे मृतक किसान अब्दुल सत्तार के घर पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचेंगे। किसान अब्दुल सत्तार की बीती चार मई को जायस गल्ला मंडी में गेहूं तौल कराने में बरती गई की वजह से मौत हो गई थी। दोपहर बाद शाम तीन बजे दो गांवों का भ्रमण करके राहुल विकास कार्यों की हकीकत भी परखेंगे। इसके बाद वे गौरीगंज पहुंचकर छोटे व्यापारियों के साथ वार्ता करेंगे। गौरीगंज कांग्रेस कार्यालय में रात्रि विश्राम करेंगे। दौरे के दूसरे दिन अमेठी सांसद पांच जुलाई को सुबह नौ बजे गौरीगंज कार्यालय में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे। 11 बजे शहीद अनिल मौर्य के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचेंगे। दोपहर 2.30 बजे अमेठी में किसान संगोष्ठी में भाग लेंगे। शाम चार बजे लखनऊ रवाना हो जाएंगे। अमेठी जिले के अपर पुलिस अधीक्षक बीपी दुबे ने बताया कि राहुल गांधी के दौरे के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।