डलमऊ (रायबरेली)। गदागंज थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस पिकेट से चंद कदम की दूरी पर सराफा की दुकान में चोरी हो गई। बेखौफ चोर दुकान का ताला तोड़कर नकदी-गहने समेत करीब चार लाख का माल उड़ा ले गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि, रात्रि गश्त में पुलिस की लापरवाही के चलते ही ये वारदात हुई है। सीओ डलमऊ विनीत सिंह ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही एसओ को जल्द वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
बरारा बुजुर्ग चौराहे पर रोहित सोनी की सराफा की दुकान है। यहीं पर रोहित सोनी परिवार समेत रहते हैं। रविवार रात बगल के मकान से रोहित के मकान में कूदे चोर खिड़की तोड़कर दुकान में घुसे और लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये कैश चुरा ले गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौका मुआयना किया और छानबीन का आश्वासन देकर चली गई। पीड़ित रोहित सोनी ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि दुकान से चार किलो की चांदी, 50 ग्राम सोना, 20 हजार रुपये कैश समेत चार लाख रुपये की चोरी हुई है। सीओ ने बताया कि, पीड़ित ने तहरीर दी है। रिपोेर्ट लिखकर जल्द चोरों को पकड़ा जाएगा।