बलरामपुर। जिले में 12 करोड़ पांच लाख 92 हजार रुपये की लागत से नई चमचमाती तीन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से चालू वित्तीय वर्ष में 17 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। तीनों सड़कों के निर्माण होने से इन क्षेत्रों के दो लाख लोगों को सुहाने सफर का मजा मिलेगा। बजट मिलने के बाद तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
पीएमजीएसवाई से होगा निर्माण
- वित्तीय वर्ष 2018-19 में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से जिले के दो ब्लॉकों में 12 करोड़ पांच लाख 92 हजार रुपये की लागत से तीन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के एक्सईएन देवेन्द्र मणि ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में डीएम कृष्णा करुणेश व सीडीओ कृत्तिका ज्योत्स्ना के माध्यम से सड़कों का निर्माण कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। पचपेड़वा ब्लॉक में पांच करोड़ 74 हजार रुपये की लागत से 6.8 किलोमीटर लंबाई की विशुनपुर कोडर से वीरपुर तक की सड़क तथा रेहरा बाजार ब्लॉक में तीन करोड़ 14 लाख 20 हजार रुपये की लागत से 4.5 किलोमीटर लंबाई की गुमड़ी सादुल्लाहनगर महुवा से भगवानपुर ग्रंट तक की सड़क व तीन करोड़ 90 लाख 98 हजार रुपये की लागत से 5.55 किलोमीटर लंबाई की रेहरा बाबागंज किलोमीटर एक से राम सागर बढ़या फरीद खां मार्ग तक की सड़क का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव में शामिल किया गया है।
गत वित्तीय वर्ष में नहीं शामिल हुआ था प्रस्ताव
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के एक्सईएन ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2017-18 में भी इन तीनों सड़कों का निर्माण कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। बजट की मंजूरी न मिलने से सड़कों का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। सड़कों का निर्माण न होने से इन क्षेत्रों की करीब दो लाख आबादी को कच्चे रास्ते पर आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों की समस्याओं का निराकरण कराने के लिए इन सड़कों के निर्माण का फिर से प्रस्ताव भेजा गया है। क्षेत्रवासी प्रेमनाथ, शब्बीर, दिलशाद, रामचंदर व प्रभुनाथ आदि ने सांसद व विधायक से सड़कों का निर्माण कराने के लिए शीघ्र बजट उपलब्ध कराने की मांग की है। पीएमजीएसवाई की सड़कों का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को सुहाने सफर का मजा मिलेगा।
बजट दिलाने के लिए कराई जा रही पैरवी
वित्तीय वर्ष 2018-19 में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिले के दो ब्लॉकों में 16.85 किलोमीटर लंबाई की तीन सड़कों का निर्माण कराने के लिए 12 करोड़ पांच लाख 92 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा गया है। क्षेत्र के लोग प्रधानमंत्री सड़क योजना से सड़कों का निर्माण कराने की डिमांड कर रहे हैं। एक्सईएन पीएमजीएसवाई को बजट लाने के लिए पैरवी करने का निर्देश दिया गया है।
कृष्णा करुणेश, डीएम