बहराइच। सरकार की तमाम सख्ती के बावजूद स्कूलों में मिड डे मील के लिए भेजे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतर रही है। घटिया खाद्य सामग्री भेजने का मामला शुक्रवार को फिर सामने आया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने एक साथ 40 स्कूलों में छापेमारी की। इस दौरान आधा दर्जन विद्यालयों के रसोई में इस्तेमाल हो रहे 9 घटिया ब्रांड व एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिलने पर नमूनों को भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
तेजवापुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर में गत गुरुवार को डीएम माला श्रीवास्तव ने औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के रसोई में मिस ब्रांडेड मसाला व एक्सपायर्ड खाद्य तेल इस्तेमाल होता मिला था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसपीएन सिंह ने शुक्रवार को चित्तौरा ब्लॉक स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोहम्मदपुर में छापेमारी कर धनिया का पाउडर, प्राथमिक विद्यालय फत्तेपुरवा में तहरी और प्राथमिक विद्यालय बिसवरिया में सरसों के तेल का नमूना लिया।
फखरपुर के प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर खास में छापेमारी कर एक धनिया का पाउडर, चित्तौरा के पूर्व माध्यमिक कन्या विद्यालय नगरौर में तहरी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनंत स्वरूप ने मटेरा चौराहे से मिस ब्रांडेड समर पानी के पाउच का नमूना लिया।
अभिहित अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी नौ नमूनों को भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शर्मा ने बताया कि डीएम ने जिले में बिक रहे मिस ब्राडेंड खाद्य पदार्थों आदि के खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि अभियान निरंतर चलता रहेगा।