सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत
तिलोई (रायबरेली)। अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के अलाईपुर के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार शिक्षिका व उसके दो बच्चों को टक्कर मार दी।
हादसे में शिक्षिका व उसकी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटे को गंभीर हालत में सीएचसी तिलोई पहुंचाया गया। यहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो महिला ने हेलमेट नहीं लगाया था।
फतेहपुर जिले के थाना मल्लवां उदयराजपुर निवासी नीलम देवी (33) पत्नी विमल कुमार पटेल प्राथमिक स्कूल पूरे सिक्का मजरे हुसैनगंज फतेहपुर में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थीं।
जबकि पति विमल कुमार बीएचएल में इंजीनियर हैं। बुधवार को नीलम तीन दिन की छुट्टी लेकर स्कूटी से बेटी आर्या व पुत्र ओम को साथ लेकर पति के पास जा रही थीं।
तभी रायबरेली-फैजाबाद मार्ग पर अलाईपुर स्थित साधन सहकारी समिति के पास अज्ञात वाहन से स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में नीलम व उसकी बेटी आर्या की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पुत्र ओम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची डॉयल-100 की टीम ने उसे सीएचसी तिलोई पहुंचाया।
हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी बीनू सिंह तथा उप जिलाधिकारी अशोक कुमार शुक्ला ने अस्पताल पहुंच कर मृतक के पति को सांत्वना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।