मोतिगरपुर (अमेठी)। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर स्थित मोतिगरपुर चौराहे के पास रविवार की दोपहर मौरंग लदे ट्रक का एक्सल अचानक टूट गया, जिसकी वजह से ट्रक बीचोबीच सड़क पर फंस गया। ट्रक की वजह से राजमार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मिस्त्री बुलाकर ट्रक का एक्सल ठीक कराया। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक राजमार्ग पर जाम लगा रहा। कई किलोमीटर लंबा जाम लगने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, दोपहिया वाहनों को ग्रामीण इलाकों से होकर गुजारा गया।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के मोतिगरपुर चौराहे के समीप दोस्तपुर सड़क की तरफ रविवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मोरंग लदा एक ट्रक मुड़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसका एक्सल टूट गया। एक्सल टूटने की वजह से ट्रक मौके पर ही खड़ा हो गया। ट्रक खड़े होने से मोतिगरपुर चौराहे पर जाम लग गया। दोनों तरफ से आने वाले वाहन रुक गए। देखते ही देखते सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगती चली गईं। कई किलोमीटर तक सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। दोपहिया वाहन चालक किसी तरह गलियों और गांवों के रास्ते गंतव्य को रवाना हुए। राजमार्ग पर जाम लगने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक मिस्त्री को बुलाकर ट्रक का एक्सल ठीक कराया। इस कवायद में करीब ढाई घंटे लग गए। ट्रक की मरम्मत के बाद जाम खुला। दोनों तरफ के वाहनों को पास कराने में पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। जाम खुलने के बाद भी हाईवे पर यातायात सामान्य होने में करीब घंटे समय लग गया। ढाई घंटे तक राजमार्ग पर जमा लगा रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मोतिगरपुर प्रभारी थानाध्यक्ष शशिकांत पटेल ने बताया कि ट्रक की मरम्मत कराकर जाम खुलवाया गया।