बीती मंगलवार को लखनऊ मेल सहित चार ट्रेनों में लूट व डकैती के बाद अब जीआरपी ने सबसे अधिक घटनाओं वाली ट्रेनों को चिन्हित कर उसमें विशेष सुरक्षा बढ़ा दी है।
पंजाब मेल और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सहित 14 ट्रेनों को चिन्हित किया गया है जिसमें चुनाव के कारण रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का एस्कॉर्ट नहीं चल पा रहा है।
इन 14 ट्रेनों में अब जीआरपी का एस्कॉर्ट चलेगा। उधर लखनऊ मेल डकैती कांड की तफ्तीश में जुटी जीआरपी की दो टीमों ने शुक्रवार को भी तीन अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी की है।
हालांकि एडीजी जीआरपी वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि जल्द ही लुटेरों को पकड़ने में सफलता मिलेगी।
मुरादाबाद के आसपास देर रात गुजरने वाली ट्रेनों में लूट की घटनाएं अपने चरम पर पहुंच गई हैं।
जीआरपी ने जब मामले की जांच करायी तो पता चला कि जिन ट्रेनों में आरपीएफ का एस्कॉर्ट चलता था, उसमें अब चुनाव ड्यूटी के कारण जवानों की ड्यूटी ही नहीं लग पा रही है।
ऐसे में बिना एस्कॉर्ट केचल रही इन ट्रेनों में जीआरपी मुरादाबाद अनुभाग ने अपना सुरक्षा बल लगा दिया है।
साथ ही सभी जीआरपी इंस्पेक्टरों को उनके क्षेत्र में पड़ने वाले आउटर व स्टेशनों पर मुस्तैदी बढ़ाने के आदेश दिये गए हैं। जिन 14 ट्रेनों में विशेष सुरक्षा बढ़ायी गई है।
उसमें आठ ट्रेनें शाम को लखनऊ से छूटकर देर रात तक मुरादाबाद पहुंचती हैं। एसपी रेलवे मुरादाबाद एसआर आनंद कुलकर्णी ने बताया कि जीआरपी ने अधिक घटनाओं वाली ट्रेनों को चिन्हित किया है।
इसमें विशेष सुरक्षा की जाएगी। यदि कोई भी जीआरपी कर्मी लापरवाही करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। स्टेशनों और आउटरों पर भी विशेष सुरक्षा की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।