रायबरेली। शहर में गोरा बाजार स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में विभिन्न ट्रेडों की 137 सीटें अभी भी खाली हैं। यहां कुल 524 सीटें हैं। चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश तीन चरणों में हुआ, फिर भी 387 सीटें ही भर पाई हैं। रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अब चौथे चरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसमें अभ्यर्थियों के लिए विकल्प चुनने का मौका मिलेगा। नए अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। यह सुविधा 11 से 15 सितंबर तक मिलेगी, ताकि सभी सीटें भरी जा सकें।
जिले में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गोरा बाजार में सबसे ज्यादा 524 सीटें है और सभी प्रमुख व्यवसायिक विषयों की पढ़ाई होती है। अभ्यर्थियों की पहली पसंद इसी संस्थान में प्रवेश कराने की होती है, लेकिन यहां भी सीटें भर पाना मुश्किल दिख रहा है। चयनित अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए तीन अवसर दिए गए। पहले, दूसरे और तीसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी 137 सीटें खाली हैं। इनमें ग्रुप ए की 66 और ग्रुप बी की 71 सीटें हैं।
जिन ट्रेडों में सीटें रिक्त हैं, उनमें प्लंबर, वेल्डर, वायरमैन, पेंटर, मैन्यूफैक्चरिंग टेक्नीशियन, मोटर मैकेनिकट, इंग्लिस स्टेनोग्राफर, टूल एंड डाई मेकर समेत अन्य ट्रेड शामिल हैं। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद ने चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया बुधवार से शुरू की। इसमें सीट न पाने वाले अभ्यर्थी विकल्प चुन सकें। नए अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे। प्रधानाचार्य अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि चौथे चरण की प्रवेश प्रक्रिया 15 सितंबर तक चलेगी।
बाकी संस्थानों में भी नहीं भर पा रही सीटें
जिले में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) की 20 शाखाएं हैं। इनमें सात राजकीय और 13 निजी संस्थान शामिल हैं। मुख्य शाखा में तीन चरणों के प्रवेश के बाद भी सभी सीटें नहीं भर पाई तो बाकी संस्थानों की हालात भी कुछ ऐसी ही है। अभ्यर्थियों को राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट पर पता चल सकेगा कि किस संस्थान और किन ट्रेडों में कितनी सीटें खाली हैं।