बहराइच। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। टीम को स्कूल की रसोई में गंदगी मिली। बिस्किट व रस्क एक्सपायर्ड मिले।
इस पर टीम ने रसाइयों को फटकार लगाई। खराब सामान को मौके पर ही नष्ट करा दिया। दाल का नमूना भरकर वार्डेन को नोटिस दिया गया है।
विद्यालयों में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन व खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता को लेकर डीएम के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षाधिकारी राजेंद्र पांडेय की अगुवाई टीम ने रिसिया के कस्तूरबा गांधी विद्यालय के किचन का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान किचन में काफी गंदगी मिली। किचन के स्टोर में रखा बेकरी प्रोडेक्ट में रस्क व बिस्कुट एक्सपायर्ड हो चुके थे। रसोइयां के पास स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी नहीं था।
खाद्य सुरक्षाधिकारी पांडेय ने नाराजगी जताते हुये रसोइयां को कड़ी फटकार लगाई। खाद्य सुरक्षाधिकारी ने मौके पर खराब हो चुके बेकरी प्रोडेक्ट को नष्ट कराकर एक तैयार दाल का नमूना भरकर विधि प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा।
खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग के अभिहित अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा ने बताया कि विद्यालय में जांच के दौरान सिर्फ खामियां ही पाई गई। खामियों को 15 दिनों में दुरुस्त करने के लिए वार्डेन को नोटिस दिया गया है।