महोली (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र के चौवा बेगमपुर गांव में शनिवार की रात शराबी पुत्र ने अपने पिता को पीट-पीटकर मार डाला। बताते हैं कि पुत्र शराब के नशे में घर आया था। पिता के डांटने पर वह भड़क गया और उसने लाठी से पीट-पीटकर पिता की जान ले ली। हत्यारे ने खुद ही पुलिस को कॉल कर वारदात की जानकारी दी, जिसके बाद पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के चौवा बेगमपुर गांव निवासी अंकित मिश्रा शराब पीने का आदी है। शनिवार की रात वह शराब पीकर घर पहुंचा। घर पहुंचते ही गालीगलौज करने लगा। इस पर पिता मनोज कुमार मिश्रा (45) ने विरोध जताया। बताते हैं कि पिता ने एक डंडा अंकित के सिर पर मार दिया। इस बात से अंकित इस कदर भड़का कि उसने दूसरा डंडा उठाकर पिता को पीटना शुरू कर दिया। वह तब तक पिता को पीटता रहा, जब तक मनोज कुमार मिश्रा बेसुध होकर नहीं गिर गए। चीख पुकार सुनकर गांव के लोग जब मौके पर पहुंचे, तब तक अंकित पीट-पीटकर पिता को मौत के घाट उतार चुका था। अंकित पिता के शव के पास ही खड़ा था। यह दृश्य देख कोई भी करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
बताते हैं कि इससे पहले गांव के लोग पुलिस को सूचना देते, अंकित ने खुद ही पुलिस को कॉल करके हत्या की सूचना दी। इसके बाद यूपी 100 की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि हत्या अंकित ने ही की है, तब पुलिस ने अंकित मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक धर्म प्रकाश शुक्ल ने बताया कि इस मामले में आरोपी पुत्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। विवाद शराब के नशे में हुआ है।
चाचा बोले, मैं करूंगा पूजा की परवरिश
मनोज के भाई अभिषेक इस वारदात से बेहद दुखी थे। अभिषेक मिश्रा ने बताया कि अंकित मिश्रा शराबी था, आए दिन शराब पीकर घर में बवाल करता था। अभिषेक बताते हैं कि उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि भतीजे ने ही उसके भाई को मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने बताया कि पूजा भतीजी है। वह मेरी बेटी की ही तरह है। आगे से परवरिश की जिम्मेदारी मैं ही निभाऊंगा।